प्रतिनिधि विकास राठौड़ की खबर ✍️

आलीराजपुर – वालपुर सावन के पावन महीने में धर्म एवं आस्था से सराबोर सामाजिक समरसता कांवड़ यात्रा का भव्य आयोजन सोमवार को किया गया। यात्रा में हजारों की संख्या में कांवड़िए, शिवभक्त, धर्मप्रेमी श्रद्धालु एवं युवा उत्साहपूर्वक शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में “हर-हर महादेव” और “जय श्री महाकाल” के जयघोष गूंजते रहे , कांवड़ यात्रा के शुभारंभ से पूर्व माँ नर्मदा तट ककराना पर श्रद्धालुओं द्वारा विधि-विधान से माँ नर्मदा जी की पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। श्रद्धालुओं ने माँ नर्मदा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं सर्वजन मंगल की कामना की। इसके पश्चात कांवड़ियों ने माँ नर्मदा का पवित्र जल कांवड़ में धारण कर भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए यात्रा प्रारंभ की , माँ नर्मदा तट ककराना से प्रारंभ हुई कांवड़ यात्रा श्री शिव मंदिर, वालपुर पहुंची। हजारों कांवड़िए भगवा वस्त्र धारण कर हाथों में कांवड़ लेकर भक्ति भाव के साथ यात्रा में आगे बढ़े। मार्गभर भगवान शिव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय एवं शिवमय नजर आया , यात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हजरीबाई खरत की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी भी यात्रा में सहभागी बने ।

सामाजिक समरसता कांवड़ यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न होकर समाज में एकता, भाईचारे, सामाजिक समरसता एवं आपसी सद्भाव को मजबूत करना रहा। विभिन्न समाज एवं वर्गों के लोगों ने एक साथ कांवड़ यात्रा में सहभागिता कर सामाजिक एकता का सशक्त संदेश दिया , पूरे आयोजन में संरक्षक जयपालसिंह खरत का मार्गदर्शन एवं सहयोग महत्वपूर्ण रहा । उनके मार्गदर्शन में आयोजित इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया , यात्रा के समापन पर श्री शिव मंदिर , वालपुर में माँ नर्मदा से लाए गए पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया , इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए महा भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया ।





