संपादक नयन टवली की कलम से ✍️


नरसिंहपुर – कलेक्टर रजनी सिंह ने बुधवार को जनपद पंचायत गोटेगांव के ग्राम सांकल में ग्राम चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी और उनका निराकरण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त किया गया है , उक्त शासकीय भूमि को संरक्षित रखा जाए । कहीं भी शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किया जाता है , तो इसकी सूचना तत्काल दें , जिससे समय पर कार्यवाही की जा सके। आयोजित चौपाल कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह नागेश , एसडीएम सुश्री संघमित्रा गौतम, तहसीलदार नीरज तखरिया , सीईओ जनपद दीक्षा जैन सहित अन्य अधिकारी व ग्रामीणजन मौजूद थे , कलेक्टर सिंह ने रात्रि चौपाल कार्यक्रम में जनगणना 2027 के संबंध में ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी । उन्होंने कहा कि जनगणना 2027 के लिए प्रगणकों एवं पर्यवेक्षक आपके घरों तक आएंगे, उनके द्वारा पूछे गए प्रश्नों का सही-सही उत्तर दें, जिससे सम्पूर्ण जानकारी सही-सही दर्ज की जा सके। उन्होंने नल-जल योजना के संचालन के संबंध में जानकारी ली । नलों में टोटी लगाने के निर्देश दिए, जिससे नल से जल व्यर्थ न बहे। उन्होंने भवन निर्माण के दौरान वॉटर हार्वेस्टिंग का निर्माण भी कराने को कहा। जिससे वर्षा का जल वॉटर हार्वेस्टिंग के माध्यम से भूमिगत हो सके । कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि बीपीएल सूची से अपात्र व्यक्तियों के नाम काटे जाएं । उक्त सूची का ग्राम सभा में वाचन किया जाए। उन्होंने क्षतिग्रस्त माध्यमिक शाला सांकल की मरम्मत करने के लिए स्टीमेट बनाकर भेजने के निर्देश दिए। जिससे विद्यालय के क्षतिग्रस्त कक्षों को दुरूस्त किया जा सके। उन्होंने आवागमन के लिए ग्राम खैरी तक पक्की सड़क बनाने और खेलने के लिए गांव में एक खेल का मैदान बनाने को कहा । कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने कहा कि नर्मदा नदी के जल को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए दूषित सामाग्री जल में प्रवाहित न करें। ग्रामीणों ने बताया कि नर्मदा नदी के घाटों में विशेष अवसरों पर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। नर्मदा नदी के घाट तक पक्का पहुंच मार्ग नहीं होने से श्रद्धालुओं को कठिनाई होती है, इसलिए नर्मदा नदी के सांकल घाट तक पक्का पहुंच मार्ग का निर्माण किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने पहुंच मार्ग बनाने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। रात्रि चौपाल कार्यक्रम में ग्रामीणों ने मांग की कि गांव में शमशान घाट नहीं है, शमशान घाट निर्माण के लिए भूमि आवंटित किया जाए, जिससे शमशान घाट का निर्माण हो सके । कलेक्टर श्रीमती सिंह ने ग्रामीणों की मांग के अनुसार आधा एकड़ भूमि शमशान घाट निर्माण के लिए आवंटित करने के निर्देश दिए। ग्राम चौपाल में ग्रामीणों ने बताया कि नल-जल योजना के तहत गांव के कुछ घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा। उन्होंने मांग की कि नल-जल योजना के तहत छूटे हुए घरों तक पानी पहुंचाया जाए , कलेक्टर श्रीमती सिंह ने ग्रामीणों की उक्त समस्याओं का निराकरण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए, जिससे नल-जल योजना का लाभ प्रत्येक परिवार को मिल सके। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ग्राम सांकल में बनाए जा रहे कंटूर ट्रेंच के कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देशित किया कि कंटूर ट्रेंच का निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्वक निर्धारित समय में पूर्ण किया जाए , निर्माण कार्यों की लगातार मॉनीटरिंग भी की जाए ।





