संपादक नयन टवली की कलम से ✍️

झाबुआ – कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने शुक्रवार को मार्कफेड डबल लॉक सेंटर , विपणन केंद्र मिंडल , झाबुआ का निरीक्षण कर किसानों को उर्वरक वितरण एवं ऑनलाइन टोकन व्यवस्था का जायजा लिया । इस दौरान उन्होंने जिला विपणन अधिकारी सुश्री अमिता मोरे को ऑनलाइन टोकन बनाए जाने की प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए केंद्र पर 2 कंप्यूटर सिस्टम की व्यवस्था करने तथा समितियों के कर्मचारियों को बैठाकर किसानों के ऑनलाइन टोकन बनाने के निर्देश दिए ।

कलेक्टर ने केंद्र पर उपस्थित किसानों से चर्चा करते हुए ऑनलाइन टोकन व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने किसानों को बताया कि प्रातः 10 बजे के बाद ऑनलाइन टोकन बनना प्रारंभ होंगे तथा टोकन बनाने में किसानों को किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं , कलेक्टर ने किसानों को नई व्यवस्था के संबंध में समझाइश देते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपेक्षा की। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन टोकन व्यवस्था के माध्यम से उर्वरक वितरण का पूरा हिसाब दर्ज रहेगा । इससे उर्वरक वितरण व्यवस्था अधिक पारदर्शी होगी तथा खाद की कालाबाजारी की संभावना नहीं रहेगी , उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को टोकन प्राप्त करने एवं उर्वरक लेने में अनावश्यक परेशानी न हो तथा केंद्र पर व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जाए , इस दौरान जिला विपणन अधिकारी अमिता मोरे एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे ।





