संपादक नयन टवली की कलम से ✍️

झाबुआ – प्रशासनिक अमला जब धरातल पर उतरता है, तो मैदानी हकीकत खुद-ब-खुद सामने आ जाती है , कुछ ऐसा ही नजारा मंगलवार को देखने को मिला, जब एसडीएम महेश मंडलोई जनसुनवाई पूरी करने के तुरंत बाद शासकीय संस्थानों का औचक निरीक्षण करने निकल पड़े । इस दौरान उन्होंने न सिर्फ व्यवस्थाओं को परखा, बल्कि खुद शिक्षक की भूमिका में नजर आए । एसडीएम महेश मंडलोई सबसे पहले शासकीय हाई स्कूल कालापिपल पहुंचे। निरीक्षण के दौरान स्कूल में कुल दर्ज 417 विद्यार्थियों में से 287 छात्र उपस्थित मिले । एसडीएम सीधे कक्षा में पहुँचे और बच्चों की क्लास ली । उन्होंने विद्यार्थियों को गणित के जटिल सिद्धांतों को बेहद सरल तरीके से समझाया। बच्चों को वास्तविक संख्या के साथ-साथ आरोही और अवरोही क्रम के बीच का अंतर स्पष्ट किया। इसके अलावा उन्होंने चर और अचर संख्याओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी ।

बोर्ड परीक्षा के लिए दिए सक्सेस टिप्स :- कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए एसडीएम ने खुद ‘टाइम टेबल’ बनाकर दिया और विषयवार तैयारी करने के महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए।निरीक्षण के दौरान स्कूल प्रबंधन की एक बड़ी लापरवाही सामने आई । एसडीएम को पता चला कि कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को अब तक शत-प्रतिशत पाठ्य पुस्तकों का वितरण नहीं किया गया है , इस अव्यवस्था पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए एसडीएम ने प्राचार्य नूरका भूरिया को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने प्राथमिक स्तर पर शत-प्रतिशत नामांकन (एडमिशन) सुनिश्चित करने को कहा। वर्तमान में यहाँ पहली कक्षा के लिए 30 विद्यार्थियों के लक्ष्य के विरुद्ध मात्र 21 एडमिशन ही हुए हैं, जिसे जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए , बच्चों के साथ खाया मिड-डे मील; मेन्यू में गड़बड़ी पर ‘प्रिंस बचत समूह’ को नोटिस
स्कूल की व्यवस्थाएं देखने के बाद एसडीएम मंडलोई ने बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) किया । भोजन की गुणवत्ता और मेन्यू की जांच करने पर पाया गया कि भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार तैयार नहीं किया गया था। इस लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने भोजन बनाने वाले ‘प्रिंस बचत समूह’ को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए , बंद हैंडपंप पर पड़ी नजर , मौके से ही पीएचई ईई को किया फोन स्कूल परिसर से लौटते समय एसडीएम की नजर वहां बंद पड़े एक हैंडपंप पर पड़ी, जिससे बच्चों को पेयजल की समस्या हो रही थी । उन्होंने बिना देर किए मौके से ही पीएचई के कार्यपालन यंत्री से फोन पर चर्चा की और हैंडपंप को तत्काल दुरुस्त करने के आदेश दिए । इसके साथ ही उन्होंने स्कूल प्रबंधन को शाला प्रबंधन समिति की नियमित बैठकें आयोजित करने और पेयजल व स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी ।

ढेकल बड़ी सहकारी संस्था का दौरा खाद स्टॉक का लिया जायजा स्कूल के बाद एसडीएम महेश मंडलोई बहुद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था (बी पैक्स) मर्यादित ढेकल बड़ी पहुँचे। यहाँ उन्होंने किसानों को दी जा रही सुविधाओं और खाद की उपलब्धता की गहन समीक्षा की।इस संस्था में कुल 654 किसान दर्ज है, जिनमें से 460 को खाद का वितरण किया जा चुका था । एसडीएम ने संस्था प्रबंधक को निर्देशित किया कि खरीफ सीजन को देखते हुए शेष बचे सभी किसानों को भी बिना किसी देरी के जल्द से जल्द खाद का वितरण सुनिश्चित किया जाए , ताकि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। संस्था में वर्तमान में 57 टन यूरिया और 3 टन एनपीके उपलब्ध था ।





