संपादक नयन टवली की कलम से ✍️

झाबुआ – कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशन में शनिवार सुबह जिला परिवहन अधिकारी कृतिका मोहटा एवं ट्रैफिक पुलिस द्वारा जिले में स्कूली वाहनों की संयुक्त जांच अभियान चलाया गया । अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्कूली वाहनों एवं बच्चों के परिवहन में उपयोग किए जा रहे वाहनों की सघन जांच कर आवश्यक कार्रवाई की गई , संयुक्त टीम द्वारा जेल तिराहा पर जांच के दौरान कुल 3 वाहन जप्त किए गए । इनमें से लक्ष्य अकादमी स्कूल से संबंधित एक वाहन द्वारा आवश्यक परमिट के लिए आवेदन प्रस्तुत किए जाने पर नियमानुसार वाहन को रिलीज किया गया , जबकि शेष 2 निजी श्रेणी के वाहन नियमों के विपरीत संचालित पाए जाने पर जप्त किए गए , इसके पश्चात टीम ने सांदीपनि स्कूल, कल्याणपुरा का निरीक्षण किया । यहां विद्यालय परिसर में कुल 5 स्कूल बसें खड़ी मिलीं। जांच के दौरान सभी बसों के दस्तावेज पूर्ण पाए गए तथा वाहनों की भौतिक स्थिति भी संतोषजनक एवं नियमानुसार पाई गई , संयुक्त दल द्वारा क्रिएटिव कॉन्वेंट स्कूल, कल्याणपुरा में निरीक्षण के दौरान ऐसे 5 वाहन पाए गए , जिन्हें विद्यार्थियों के अभिभावकों द्वारा निजी रूप से किराये पर लगाया गया था ।

जांच में सभी वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन किया जाना पाया गया , जिस पर संबंधित वाहनों को जप्त कर कार्रवाई की गई , इस दौरान विद्यालय संचालक अरुण डामोर को निर्देशित किया गया कि विद्यालय आने-जाने वाले सभी वाहनों एवं उनके चालकों का संपूर्ण रिकॉर्ड संधारित करें । साथ ही यह सुनिश्चित करें कि किसी भी वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन न हो। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में विद्यालय प्रबंधन की भी जिम्मेदारी तय की जाएगी , अभियान के दौरान एक तूफान वाहन बिना वैध बीमा के संचालित पाए जाने पर 3,000 रुपये का चालान किया गया । वहीं , एक अन्य तूफान वाहन में निर्धारित क्षमता से 25 बच्चे अधिक बैठाकर परिवहन किए जाने पर 5,000 रुपये का चालान किया गया। अन्य प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है , जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है । नियमों का उल्लंघन कर बच्चों का परिवहन करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी नियमित रूप से संयुक्त जांच अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी ।





