संपादक नयन टवली की कलम से ✍️

झाबुआ – दीपावली का पर्व खुशियों, प्रकाश और सौहार्द का प्रतीक है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए कलेक्टर नेहा मीना ने आज सायंकाल झाबुआ नगर की रामदास बस्ती एवं अयोध्या बस्ती में पहुंचकर वहां के निवासियों के साथ दीपावली का पर्व हर्षोल्लासपूर्वक मनाया , कलेक्टर ने बच्चों को मिठाई खिलाई और दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। बच्चे भी अत्यंत प्रसन्न दिखे, उन्होंने भी उत्साहित होकर “हैप्पी दीपावली कलेक्टर मैडम” कहते हुए कलेक्टर का अभिवादन किया। बच्चों के चेहरों की मुस्कान और उनके उत्साह ने पूरे वातावरण को उल्लासमय बना दिया , इस अवसर पर कलेक्टर नेहा मीना ने बस्ती की सभी महिलाओं और पुरुषों को कंबल एवं मिठाई भेंट की ।

साथ ही नगर की स्वच्छता व्यवस्था में योगदान दे रही सुपर-11 टीम का सम्मान भी किया , कलेक्टर ने कहा कि दीपावली केवल घरों में दीप जलाने का पर्व नहीं , बल्कि यह हृदयों में प्रेम और अपनत्व के दीप जलाने का अवसर है। उन्होंने कहा खुशियां बांटने से बढ़ती हैं। जब हम समाज के हर वर्ग के साथ मिलकर पर्व मनाते हैं, तो वह पर्व वास्तव में सार्थक बन जाता है। प्रशासनिक पद पर रहते हुए हमारा यह दायित्व है कि हम समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचें और उन्हें यह अहसास कराएं कि वे इस उत्सव का अभिन्न हिस्सा हैं , कलेक्टर ने आगे कहा कि स्वच्छता सेवक हमारे नगर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे पावन पर्व पर उनके घर जाकर, उनके साथ मिठाई बांटना वास्तव में आत्मिक संतोष देने वाला अनुभव है ।

कलेक्टर नेहा मीना के बस्ती पहुंचते ही वहां के निवासियों ने ढोल और मालाओं के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया , कलेक्टर ने उपस्थित नागरिकों से कहा कि सभी लोग अपने आसपास के जरूरतमंदों के साथ त्योहारों की खुशियां साझा करें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से समाज में समानता, अपनत्व और सामाजिक समरसता की भावना को बल मिलता है , कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर ने सभी बस्तीवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और यह संदेश दिया कि प्रत्येक नागरिक अपने स्तर पर किसी जरूरतमंद की मदद कर इस पर्व को सार्थक बनाए , इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री भास्कर गाचले, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री मिलन पटेल , तहसीलदार श्री सुनिल डावर एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी और आमजन उपस्थित रहे ।





