संपादक नयन टवली की कलम से ✍️

झाबुआ – संकल्प से समाधान अभियान के जिला स्तरीय शिविर एवं समापन कार्यक्रम का आयोजन जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन एवं भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, पूर्व सांसद श्री गुमान सिंह डामोर, जिलाध्यक्ष श्री भानु भूरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे , अभियान की शुरुआत 12 जनवरी 2026 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार चार चरणों में की गई थी, जो 31 मार्च 2026 को संपन्न हुआ। अभियान के दौरान 544 नोडल अधिकारियों द्वारा समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन प्राप्त किए गए । कुल 83,195 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 83,012 का निराकरण किया गया। अभियान के अंतर्गत 106 सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ घर-घर सर्वे, ग्राम, क्लस्टर, विकासखंड एवं जिला स्तरीय शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को प्रदान किया गया , कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में “संकल्प से समाधान अभियान” का प्रभावी संचालन किया गया । उन्होंने कहा कि जिले में कलेक्टर के नेतृत्व में जिला प्रशासन की पूरी टीम ने समर्पण, समन्वय एवं प्रतिबद्धता के साथ उत्कृष्ट कार्य किया है , जिसके परिणामस्वरूप अभियान को व्यापक सफलता मिली है , मंत्री शाह ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया गया है। विशेष रूप से जाति प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं राजस्व प्रकरणों के निराकरण में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है, जिससे आम नागरिकों को बड़ी राहत मिली है , उन्होंने जानकारी दी कि जाति प्रमाण पत्र से संबंधित 3,103 आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण किया गया है, वहीं 5,220 पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां प्रधानमंत्री के जनकल्याणकारी संकल्पों को जमीनी स्तर पर साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुई हैं , मंत्री शाह ने आगे कहा कि अभियान की सफलता के पीछे सतत मॉनिटरिंग , विभागों के बीच बेहतर समन्वय, प्रभावी योजना क्रियान्वयन एवं टीमवर्क की अहम भूमिका रही है । उन्होंने जिला प्रशासन की पूरी टीम को इस उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई देते हुए कहा कि इसी तरह जनसेवा की भावना से कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए , महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने अपने संबोधन में कहा कि अभियान का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि पेंशन योजनाओं में 5,000 नए हितग्राहियों को जोड़ा गया है, जो सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि है , उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में सुधार का उल्लेख करते हुए कहा कि कक्षा 5वीं एवं 8वीं के परीक्षा परिणामों में जिले का प्रदर्शन सराहनीय रहा है। साथ ही आंगनवाड़ी भवनों की स्वीकृति से बच्चों के प्रारंभिक विकास को मजबूती मिलेगी , कलेक्टर नेहा मीना ने जानकारी दी कि जिले की 375 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत 35 क्लस्टरों में शिविरों का सफल आयोजन किया गया तथा 2,400 फलियों में डोर-टू-डोर सर्वे कर योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया गया । उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वरोजगार एवं विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में जिला प्रदेश के शीर्ष जिलों में शामिल रहा है ।

हितलाभ वितरण :- कार्यक्रम के दौरान विभिन्न हितग्राहियों को शासन की योजनाओं के अंतर्गत लाभ वितरित किए गए। इसमें पेंशन, श्रम सेवा कार्ड, लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रसूति सहायता, छात्र प्रोत्साहन राशि एवं आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति आदेश एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए , हितग्राहियों ने शासन के प्रति आभार व्यक्त किया , संकल्प से समाधान अभियान अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए गए , ग्राम डुंगरालालु , जनपद पंचायत झाबुआ के आयुष गुण्डिया को दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन पेंशन योजना अंतर्गत स्वीकृति आदेश प्रदान किया गया । ग्राम गुंदीपाडा, जनपद पंचायत झाबुआ की श्रीमती कांता नारायण सिंह को म.प्र. भवन एवं संनिर्माण कर्मकार मंडल अंतर्गत श्रम सेवा कार्ड वितरित किया गया , जनपद पंचायत पेटलावद के श्री बालसिंह गामड़ एवं श्री शम्भु राणा को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना अंतर्गत स्वीकृति आदेश (₹600 प्रतिमाह) प्रदान किए गए , कु. पूर्विका प्रजापत को लाड़ली लक्ष्मी योजना अंतर्गत आश्वासन प्रमाण पत्र (₹1.00 लाख, 21 वर्ष पूर्ण होने पर) दिया गया। श्रीमती कांता वसुनिया को स्वास्थ्य विभाग की प्रसूति सहायता योजना अंतर्गत ₹12,000 की स्वीकृति प्रदान की गई , विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना अंतर्गत कु. अंकिता भूरा को कक्षा 10वीं की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने पर ₹4,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई, जो वर्तमान में सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय, झाबुआ में अध्ययनरत हैं। वहीं श्री धरमेश मेड़ा को कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु ₹5,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई, जो वर्तमान में इंदौर में जेईई की तैयारी कर रहे हैं , इसके अतिरिक्त ग्राम भूराडाबरा , झाबुआ की श्रीमती पिना कटारा एवं ग्राम माछलिया की कु. वंदना को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, जिनके माध्यम से उन्हें ₹5 लाख तक निःशुल्क उपचार की सुविधा प्राप्त होगी ।

प्रदर्शनी का अवलोकन :- कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक एवं जानकारीपरक प्रदर्शनी लगाई गई। प्रभारी मंत्री द्वारा किसान कल्याण एवं कृषि, उद्यानिकी, आजीविका मिशन, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, आयुष, पशुपालन एवं सामाजिक न्याय विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। उन्होंने विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए प्रदर्शनी की सराहना की ।
संकल्प से समाधान अभियान :- विभागवार उपलब्धियों में राजस्व विभाग अग्रणी रहा, जहां खसरा-खतौनी एवं नक्शा संबंधी आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण किया गया । सहकारिता विभाग में किसान क्रेडिट कार्ड प्रकरणों का पूर्ण समाधान हुआ , वहीं आयुष्मान भारत एवं पेंशन योजनाओं में भी उच्च स्वीकृति दर्ज की गई। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्रों का 100% निराकरण सुनिश्चित किया गया , ब्लॉक स्तर पर पेटलावद एवं थांदला में सर्वाधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनका पूर्ण निराकरण किया गया । अभियान की सफलता में स्थानीय भीली भाषा में संवाद , घर-घर सर्वे, दीवार लेखन , सोशल मीडिया जागरूकता एवं पोर्टल आधारित रियल-टाइम मॉनिटरिंग जैसे नवाचारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।










