संपादक नयन टवली की कलम से ✍️


जबलपुर – कलेक्टर राघवेन्द्र सिह ने आज मझौली क्षेत्र का सघन भ्रमण कर शासकीय गतिविधियों के जमीनी क्रियान्वयन की समीक्षा की । इस दौरान चनगवां आरोग्य मंदिर में उन्होंने चिकित्सकों से एचपीवी वैक्सीनेशन की प्रगति पर चर्चा की और इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए । अधिकारियों ने माध्यमिक शाला भवन और आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया , जहां बच्चों के स्वास्थ्य , वजन और पोषण आहार की जानकारी ली गई । आंगनवाड़ी पोर्टल पर बच्चों से संबंधित आवश्यक डेटा अपडेट न पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने संबंधित कार्यकर्ताओं और सुपरवाइजर का एक सप्ताह का वेतन काटने का प्रस्ताव भेजने के आदेश दिए , निरीक्षण का सिलसिला नंदग्राम की माध्यमिक शाला तक पहुंचा, जहां विद्यालय में एक भी विद्यार्थी उपस्थित नहीं मिलने पर स्थिति गंभीर पाई गई । विद्यालय के शिक्षकों द्वारा दिए गए जवाब संतोषजनक न होने के कारण वहां उपस्थित दो शिक्षकों का एक-एक सप्ताह का वेतन और अनुपस्थित शिक्षक का पंद्रह दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए । इसके अतिरिक्त , अधिकारियों ने चनगवां में ‘एक बगिया मां के नाम’ अभियान और गंगा जल संवर्धन के तहत निर्मित नवीन तालाबों का अवलोकन किया , अंत में पौड़ा पहुंचकर निर्माणाधीन तहसील भवन के कार्यों का भी जायजा लिया गया और निर्माण की गुणवत्ता एवं समय-सीमा के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए गए। मझौली क्षेत्र के भ्रमण के दौरान ग्राम इंद्राना में आयोजित होने वाले यज्ञ की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया । इस दौरान जिला पंचायत सीईओ एवं एसडीएम सहित संबंधित क्षेत्र के अधिकारी मौजूद थे ।










