संपादक नयन टवली की कलम से ✍️

झाबुआ – कल कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित होने के पश्चात प्रदेश एवं जिले की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं से कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने आत्मीय मुलाकात की । इस अवसर पर वातावरण उत्साह , गर्व और प्रेरणा से भरा हुआ था । कलेक्टर ने विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का पुष्पमाला पहनाकर तथा मिठाई खिलाकर सम्मान किया और उनकी इस उपलब्धि को जिले के लिए गौरव का क्षण बताया , कलेक्टर ने विद्यार्थियों से सहज संवाद करते हुए कहा कि सफलता किसी एक दिन का परिणाम नहीं होती , बल्कि यह निरंतर परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रतिफल है। आप सभी ने यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो , तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती । उन्होंने बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी , प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कक्षा 10वीं की छात्रा कु. सीमा भयडिया (पिता श्री कांतिलाल भयडिया) , शासकीय कन्या उ.मा.वि. राणापुर ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में पाँचवां स्थान हासिल किया। एक साधारण परिवेश से आने वाली सीमा ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया । उन्होंने बताया कि उनका सपना डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है , इसी प्रकार , अणु पब्लिक स्कूल , थांदला की छात्रा हर्षि लूणावत ने वाणिज्य संकाय में 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में छठवां स्थान प्राप्त किया। उन्होंने अपने लक्ष्य के बारे में बताते हुए कहा कि वे कंपनी सेक्रेटरी बनकर देश की आर्थिक व्यवस्था में योगदान देना चाहती हैं , कलेक्टर ने कहा कि इन विद्यार्थियों की सफलता न केवल उनके परिवार , बल्कि पूरे जिले के लिए प्रेरणा है । उन्होंने विशेष रूप से अभिभावकों और शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे उनके मार्गदर्शकों का धैर्य, त्याग और विश्वास छिपा होता है , कलेक्टर ने सभी विद्यार्थियों को संदेश दिया कि परिणाम चाहे जैसा भी हो, यह केवल एक पड़ाव है, मंजिल नहीं । जो विद्यार्थी आज सफल हुए हैं, वे आगे भी निरंतर मेहनत करते रहें और जो अपेक्षित परिणाम नहीं ला पाए, वे निराश न हों हर असफलता एक नई सीख और बेहतर अवसर लेकर आती है , यह अवसर न केवल सम्मान का, बल्कि पूरे जिले के लिए प्रेरणा का भी प्रतीक बना , जहाँ हर विद्यार्थी के मन में आगे बढ़ने का नया उत्साह और आत्मविश्वास दिखाई दिया ।

जिले की प्रावीण्य सूची (कक्षा 10वीं) :- कलेक्टर ने कक्षा 10वीं की प्राविण्य सूची के विद्यार्थियों से भेंट की जिसमें कक्षा 10वीं में अथर्व पिता श्री कमलेश व्यास (97 प्रतिशत), शा. सांदीपनि उ.मा.वि. झाबुआ, कु. देशना चौधरी पिता श्री दीपक चौधरी (97 प्रतिशत), संस्कार पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, थांदला, कु. गरीमा निनामा (96.8 प्रतिशत), शा. सांदीपनि उ.मा.वि. झाबुआ, कु. हिमाली चोपड़ा (96.6 प्रतिशत), संत टेरेसा स्कूल, खवासा उपस्थित रहे ।
जिले की प्रावीण्य सूची (कक्षा 12वीं) :- कलेक्टर ने कक्षा 12वीं की प्राविण्य सूची के विद्यार्थियों से भेंट की जिसमें वाणिज्य संकाय से तनिषा कांकरिया (96 प्रतिशत), संस्कार पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, थांदला, नमन नागर (95.4 प्रतिशत) , अणु पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, थांदला, कृषि संकाय से अंजली चौयल (94.8 प्रतिशत), श्रेयार्स हायर सेकेंडरी स्कूल, रायपुरिया , गणित संकाय से कोनार्क तिवारी (93.6 प्रतिशत) , शारदा विद्या मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल, झाबुआ, हंसिंका पाठक (93.4 प्रतिशत), अणु पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, थांदला, बायोलॉजी संकाय से विनिता पाटीदार (92.6 प्रतिशत), शासकीय सांदीपनि विद्यालय, पेटलावद, कला संकाय से प्रथम पंवार (92.2 प्रतिशत), शासकीय उ.मा.वि. कल्याणपुरा, कला संकाय से साहिल सोलंकी (91.4 प्रतिशत), शासकीय उ.मा.वि. करवड़ उपस्थित रहे ।





