संपादक नयन टवली की कलम से ✍️

झाबुआ – कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने राणापुर बस स्टैंड एवं राणा सागर तालाब का विस्तृत निरीक्षण किया , कलेक्टर पहले बस स्टैंड पहुँचे जहाँ उन्होने यातायात व्यवस्था , बस संचालन एवं यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया , निरीक्षण के दौरान उन्होंने बस स्टैंड परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं को देखा तथा आम नागरिकों एवं यात्रियों से चर्चा कर समस्याओं की जानकारी प्राप्त की , निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों ने कलेक्टर को अवगत कराया कि बस स्टैंड क्षेत्र में बसों की आवाजाही के दौरान अक्सर अव्यवस्था की स्थिति निर्मित होती है । विशेष रूप से हाट बाजार के दिनों में अत्यधिक भीड़ एवं ट्रैफिक दबाव के कारण यातायात प्रभावित होता है , जिससे यात्रियों , आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है , नागरिकों ने बस स्टैंड क्षेत्र में अतिक्रमण एवं असंगठित रूप से लगे फल एवं अन्य ठेलों के कारण भी मार्ग बाधित होने की जानकारी दी , कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित नगर परिषद एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बस स्टैंड क्षेत्र में डीकंजेशन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु विस्तृत एवं व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार की जाए । उन्होंने कहा कि बसों के आवागमन एवं यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए बस स्टैंड परिसर एवं आसपास के क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए , साथ ही फल एवं अन्य ठेला व्यवसायियों को व्यवस्थित रूप से चिन्हित स्थानों पर संचालित कराया जाए, जिससे यातायात प्रभावित न हो एवं व्यवसायियों को भी असुविधा न हो ।

उसके बाद कलेक्टर ने राणा सागर तालाब एवं मोदसागर रिजर्वायर पहुँचे , विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया । निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को आवश्यक दिशा – निर्देश दिए गए , राणा सागर तालाब के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने तालाब में फैली जलकुंभी को गंभीरता से लेते हुए उसे तत्काल हटाने एवं नियमित रूप से सफाई अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलकुंभी के अत्यधिक फैलाव से जल की गुणवत्ता प्रभावित होती है तथा जल भंडारण क्षमता एवं पर्यावरणीय संतुलन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है । कलेक्टर ने निर्देशित किया कि अभियान चलाकर तालाब की सतत सफाई सुनिश्चित की जाए , निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रस्तावित एसटीपी प्लांट के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने एसटीपी प्लांट निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश देते हुए इसकी कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली , अधिकारियों द्वारा बताया गया कि एसटीपी प्लांट के माध्यम से शहर से निकलने वाले गंदे पानी का शोधन किया जाएगा , जिससे जल स्रोतों में प्रदूषण कम होगा ।










