संपादक नयन टवली की कलम से ✍️

झाबुआ – हर घर तिरंगा अभियान का तहत नगर पालिका परिषद झाबुआ द्वारा बुधवार को नगर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया । देशभक्ति के रंग में सराबोर इस यात्रा में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट एवं पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर सहभागिता की और नागरिकों को राष्ट्रप्रेम, एकता एवं अखंडता का संदेश दिया , तिरंगा यात्रा का शुभारंभ नगर पालिका परिषद झाबुआ से हुआ। हाथों में तिरंगा थामे जनप्रतिनिधि, अधिकारी – कर्मचारी एवं सफाई मित्र पूरे उत्साह के साथ यात्रा में आगे बढ़े । नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई यात्रा राजवाड़ा चौक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा के दौरान लहराते तिरंगे और “भारत माता की जय” के गगनभेदी जयघोष ने पूरे वातावरण को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया ।
यात्रा में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती कविता सिंगार, पार्षदगण, नगर पालिका के अधिकारी – कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में सफाई मित्र शामिल हुए। सभी ने एक साथ तिरंगा लेकर नगरवासियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता का संदेश दिया , इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान से जुड़कर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर पूरे सम्मान और गौरव के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है तथा इस अभियान में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता राष्ट्र के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति है , नगर पालिका परिषद से राजवाड़ा चौक तक निकली तिरंगा यात्रा में जनप्रतिनिधियों , अधिकारियों – कर्मचारियों और सफाई मित्रों का उत्साह देखते ही बना । सामूहिक सहभागिता और राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ आयोजित इस यात्रा ने हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी के उत्सव में परिवर्तित कर दिया , इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ महेश मंडलोई , डिप्टी कलेक्टर सुनिल डावर , मुख्य नगर पालिका अधिकारी मिलन पटेल एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे ।





