संपादक नयन टवली की कलम से ✍️

नरसिंहपुर – मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर रजनी सिंह ने शनिवार को विकासखंड चांवरपाठा के ग्राम खामघाट का सघन निरीक्षण किया । उन्होंने ग्राम में लगभग 5 एकड़ क्षेत्र में 500 पौधारोपण के कार्य का जायजा लिया और पौधों की स्थिति का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान पौधों की स्थिति संतोषजनक पाई गई , कलेक्टर सिंह ने पौधों के नियमित संरक्षण एवं देखभाल पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों का जीवित रहना और उनका बेहतर विकास सुनिश्चित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है । उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पौधों की नियमित निगरानी करने, समय पर पानी उपलब्ध कराने तथा पौधों की सुरक्षा के समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से भी पौधों को परिवार के सदस्य की तरह सहेजने और उनकी नियमित देखभाल करने का आग्रह किया ।

प्राथमिक शाला में मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था नहीं मिलने पर जताई नाराजगी :- कलेक्टर ने प्राथमिक शाला खामघाट का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं बुनियादी व्यवस्थाओं की जानकारी ली । उन्होंने कक्षा दूसरी एवं तीसरी के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, उपस्थिति एवं मध्यान्ह भोजन के संबंध में जानकारी प्राप्त की , बच्चों से चर्चा के दौरान सामने आया कि 15 सितम्बर के बाद से विद्यार्थियों को मध्यान्ह भोजन उपलब्ध नहीं कराया गया है। विद्यालय में कुल 30 विद्यार्थी दर्ज पाए गए , जबकि निरीक्षण के दौरान 14 विद्यार्थी ही उपस्थित थे । विद्यालय में दो शिक्षक पदस्थ हैं, जिनमें से एक शिक्षक अवकाश पर पाए गए , कलेक्टर ने विद्यालय में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ ही शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए । उन्होंने मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था में सामने आई लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए ।

आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चे अनुपस्थित मिले , व्यवस्थाओं में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश :- निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र में एक भी बच्चा उपस्थित नहीं पाया गया । इस दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि 15 सितम्बर के बाद से बच्चों को भोजन उपलब्ध नहीं कराया गया है , कलेक्टर को बताया गया कि प्राथमिक शाला एवं आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए भोजन अम्बे स्वसहायता समूह द्वारा तैयार किया जाता है । भोजन व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित अम्बे स्वसहायता समूह को हटाने के निर्देश दिए ।
कलेक्टर ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें निर्धारित सेवाएं , पोषण आहार एवं अन्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं । उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए , कलेक्टर सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों से जुड़ी योजनाओं और सेवाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी । संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र बच्चों तक नियमित रूप से और समय पर पहुंचे ।





