संपादक नयन टवली की कलम से ✍️

आलीराजपुर – कलेक्टर नीतू माथुर के निर्देशन पर चंद्रशेखर आजाद नगर एसडीएम द्वारा कियोस्क सेंटर संचालकों की बैठक आयोजित की गई । बैठक में किसानों को उर्वरक वितरण की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी , व्यवस्थित एवं नियमानुसार संचालित करने के उद्देश्य से आवश्यक दिशा – निर्देश दिए गए , बैठक में एसडीएम ने निर्देशित किया कि किसानों के लिए ई-टोकन पूरी तरह व्यवस्थित एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप ही जनरेट किए जाएं । ई-टोकन बनाते समय किसान से उसकी वास्तविक फसल की जानकारी प्राप्त कर उसी के अनुरूप उर्वरक की मांग दर्ज की जाए । किसानों की पात्रता के आधार पर नहीं , बल्कि उनकी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही खाद की मात्रा दर्ज की जाए । साथ ही निर्देश दिए गए कि यथासंभव किसान को आवश्यक सभी प्रकार के उर्वरक एक ही केंद्र से उपलब्ध कराने हेतु उपयुक्त केंद्र का चयन किया जाए । साथ ही ई-टोकन जारी करते समय किसान को देय राशि की जानकारी तत्काल अवगत कराई जाए । उर्वरक वितरण में शासकीय एवं सहकारी (कोऑपरेटिव) केंद्रों को प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिए गए , बैठक में कियोस्क सेंटर संचालकों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि ई-टोकन जनरेशन में किसी भी प्रकार की अनियमितता , लापरवाही अथवा नियमों की अवहेलना स्वीकार नहीं की जाएगी । यदि कोई कियोस्क सेंटर संचालक लगातार त्रुटियां करता पाया जाता है या निर्धारित निर्देशों का पालन नहीं करता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी , कलेक्टर नीतू माथुर ने सभी कियोस्क संचालकों से किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए पारदर्शिता , जवाबदेही एवं नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने की अपील की है ।





