संपादक नयन टवली की कलम से ✍️


नरसिंहपुर – मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर रजनी सिंह ने शुक्रवार को करपगांव स्थित सेठ वेयरहाउस का निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान उन्होंने अपने समक्ष मूंग की बोरियों की तुलाई कराई तथा खरीदी की गुणवत्ता का गहन परीक्षण किया । उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण मूंग की ही खरीदी की जाए । यदि गुणवत्ता में किसी प्रकार की अनियमितता पाई गई तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी , इसके बाद कलेक्टर रजनी सिंह अचानक दो अलग – अलग आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने पहुंची जहाँ निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों की उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया तथा बच्चों से नाश्ता , मध्यान्ह भोजन , स्वास्थ्य एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली , उन्होंने बच्चों की नियमित उपस्थिति के निर्देश दिए , इसके बाद कलेक्टर ने प्राथमिक शाला कामती का भी निरीक्षण किया । यहां उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी एवं अंग्रेजी का पाठ पढ़वाकर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया । साथ ही बच्चों से अंग्रेजी में अपना परिचय देने के लिए कहा और उनके आत्मविश्वास तथा भाषा ज्ञान की सराहना की । कलेक्टर ने शिक्षकों को बच्चों की बुनियादी शिक्षा एवं भाषा कौशल को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए ।





