संपादक नयन टवली की कलम से ✍️

झाबुआ – गांधी जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “सेवा मेरा योगदान” गतिविधियों की श्रृंखला में गांधी जयंती के अवसर पर गुरुवार को “फिट इंडिया खेल सत्र” के तहत स्वच्छता साइकिल रैली एवं वृहद स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया । स्वच्छता , पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जनजागरूकता के उद्देश्य से आयोजित साइकिल रैली में अधिकारियों – कर्मचारियों , पुलिस एवं होमगार्ड के जवानों, स्कूली छात्र-छात्राओं सहित विभिन्न वर्गों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की , साइकिल रैली के शुभारंभ से पहले कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कलेक्टर कार्यालय परिसर में उपस्थितजनों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा जिले को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प दिलाया। इसके उपरांत कलेक्टर डॉ. भरसट एवं पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार की उपस्थिति में स्वच्छता साइकिल रैली प्रारंभ हुई , रैली कलेक्टर कार्यालय से प्रारंभ होकर राजगढ़ नाका, गोपाल कॉलोनी, कॉलेज रोड, राजवाड़ा चौक, सांदीपनी विद्यालय रोड, बस स्टैंड, जेल चौराहा, दिलीप गेट एवं मेघनगर नाका होते हुए रंगपुरा स्थित अनास नदी घाट पहुंची। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, फिटनेस और नियमित साइकिलिंग को अपनाने का संदेश दिया ।

रंगपुरा में सामूहिक श्रमदान से दिया स्वच्छता का संदेश :- साइकिल रैली के समापन के पश्चात रंगपुरा स्थित अनास नदी घाट एवं आसपास के क्षेत्र में वृहद सफाई अभियान चलाया गया। कलेक्टर डॉ. भरसट एवं पुलिस अधीक्षक श्री पाटीदार के साथ अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिस एवं होमगार्ड के दलों, स्कूली छात्र-छात्राओं तथा नगर पालिका के सफाई कर्मियों ने सामूहिक श्रमदान करते हुए क्षेत्र की साफ-सफाई की। इस दौरान कचरे एवं प्लास्टिक अपशिष्ट को एकत्रित कर उसका समुचित निस्तारण किया गया , कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत स्वयं से होती है और जनभागीदारी से ही इसे स्थायी स्वरूप दिया जा सकता है। प्रत्येक नागरिक अपने घर एवं कार्यस्थल के साथ सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता के प्रति भी जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती है, इसलिए दैनिक जीवन में इसके विकल्पों को अपनाना आवश्यक है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य भी समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ना है , उन्होंने कहा कि स्वच्छता के साथ स्वस्थ जीवनशैली भी हमारी दिनचर्या का हिस्सा होनी चाहिए। नियमित साइकिलिंग एवं अन्य शारीरिक गतिविधियों को अपनाकर स्वयं को स्वस्थ रखने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा सकता है , साथ ही कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि नदी घाट एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। इसके लिए प्रशासन के साथ स्थानीय नागरिकों एवं समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से ही नदी घाट की स्वच्छता को स्थायी रूप से बनाए रखा जा सकता है ।

पुलिस अधीक्षक ने दिलाया स्वच्छता का संकल्प :- वृहद सफाई कार्य के उपरांत पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने उपस्थितजनों को स्वच्छता का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है। अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखना केवल किसी एक विभाग अथवा संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने सभी से स्वयं स्वच्छता अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया , स्वच्छता साइकिल रैली एवं सामूहिक श्रमदान के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान के मूल भाव “सेवा मेरा योगदान” को साकार करते हुए स्वच्छ, स्वस्थ एवं पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार झाबुआ के निर्माण में जनभागीदारी का संदेश दिया गया , इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान , अपर कलेक्टर एस सोलंकी , सहायक कलेक्टर आयुषी बंसल , संयुक्त कलेक्टर विजय कुमार मंडलोई , अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री महेश कुमार मंडलोई, सीएमओ श्री मिलन पटेल एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी बड़ी संख्या में आम जन उपस्थित रहे ।





