संपादक नयन टवली की कलम से ✍️

झाबुआ – मेघनगर तहसील क्षेत्र के ग्राम फतेपुरा में विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए स्कूल भवन निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ । भूमि पूजन कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अवधति प्रधान , तहसीलदार विजयकांत पांडे , बीआरसी महेश सोलंकी , सरपंच पति बहादुर खराड़ी सहित मध्य भारत फास्फेट प्रा. लिमिटेड की ओर से जनरल मैनेजर अभिमन्यु दुबे एवं जनरल मैनेजर बी.के. सिंघ प्रमुख रूप से उपस्थित रहे ।
कंपनी ने गांव को लिया गोद :- मध्य भारत फास्फेट प्रा. लिमिटेड के सौजन्य से बनने वाले स्कूल भवन से गांव के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। कंपनी द्वारा फतेपुरा गांव को गोद लेकर शिक्षा, पेयजल, सड़क सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास और समस्याओं के निराकरण की जिम्मेदारी संभाली गई है। कंपनी की इस पहल से ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने स्कूल भवन निर्माण सहित गांव के विकास के लिए की जा रही पहल का स्वागत किया ।

एसडीएम बोलीं – बच्चे गांव का नाम रोशन करेंगे :- कार्यक्रम में एसडीएम अवधति प्रधान ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि गांव के बच्चे अच्छी शिक्षा प्राप्त कर अपने माता-पिता के साथ-साथ पूरे ग्राम का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की , उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति ग्राम विकास के कार्यों में बाधा उत्पन्न करता है तो ग्रामीण इसकी सूचना सीधे एसडीएम कार्यालय में दें, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार का व्यवधान न आए और गांव में विकास की गति निरंतर बनी रहे ।
ये रहे मौजूद :- कार्यक्रम में मध्य भारत फास्फेट प्रा. लिमिटेड की ओर से जनरल मैनेजर अभिमन्यु दुबे, जनरल मैनेजर बी.के. सिंघ, सिविल इंजीनियर परवीन भोजक, हरीश शर्मा एवं हकीम यादव सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जन शिक्षक भेरूलाल सोलंकी ने किया ।





