संपादक नयन टवली की कलम से ✍️


नरसिंहपुर – जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर दुर्गम पहाड़ी पर स्थित जनपद पंचायत चीचली की ग्राम पंचायत मोहपानी के आदिवासी बाहुल्य ग्राम बड़ागांव में शनिवार को जनसंवाद शिविर का आयोजन किया गया । इस गांव में मुख्य रूप से भारिया जनजाति के नागरिक निवास करते हैं । शिविर का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना तथा उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। दुर्गम मार्ग होने के कारण कलेक्टर रजनी सिंह, सीईओ जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह नागेश सहित अन्य अधिकारी 12 किमी दूरी पहाड़ों पर पैदल चलकर भारिया जनजातीय बाहुल्य ग्राम बड़ागांव पहुंचे और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया , शिविर में कलेक्टर रजनी सिंह ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए । कलेक्टर ने कहा कि गांव तक पहुंच मार्ग की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा। इस दौरान संबंधित अधिकारी ने अवगत कराया कि आगामी सप्ताह में बड़ागांव तक पहुंच मार्ग के निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है , कलेक्टर रजनी सिंह ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए महिलाओं को स्वसहायता समूह बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वसहायता समूहों के माध्यम से आटा चक्की , मुर्गी पालन , बकरी पालन सहित विभिन्न आर्थिक गतिविधियों से जुड़कर महिलाएं अपनी आय बढ़ा सकती हैं । इसके लिए उन्हें प्रशिक्षण तथा स्वरोजगार के लिए आवश्यक आर्थिक सहायता राशि भी उपलब्ध कराई जाएगी । उन्होंने आगामी 19 मार्च से प्रारंभ होने वाले जल गंगा संवर्धन अभियान के संबंध में ग्रामीणों को जल संरक्षण और संवर्धन का संदेश दिया । कलेक्टर ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से जल संरक्षण करने पर गांव में पानी की समस्या का स्थायी समाधान संभव होगा ।

कलेक्टर ने शिविर में हर घर जल मिशन, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास विभाग के पोषण कार्यक्रम , आंगनवाड़ी सेवाएं, स्कूल शिक्षा विभाग , प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, वाटरशेड एवं जल संरक्षण आदि योजनाओं, कार्यक्रमों व गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई , अधिकारियों ने दी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनसंवाद शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कृषि विभाग के उप संचालक श्री मोरिस नाथ ने किसानों को विभागीय योजनाओं एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में बताया। उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. सुनील बृजपुरिया ने मुर्गी पालन , बकरी पालन , गौवंशीय पशुपालन सहित पशुपालन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी । सीएचओ गोटीटोरिया सौम्या ब्राम्हण ने आयुष्मान कार्ड, गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, जननी सुरक्षा योजना , टीकाकरण अभियान सहित स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में अवगत कराया । साथ ही आधार, समग्र आईडी और जाति प्रमाण पत्र से संबंधित प्रक्रियाओं से भी ग्रामीणों को अवगत कराया गया ।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा महिलाओं , बुजुर्गों , नागरिकों और बच्चों का मौके पर ही स्वास्थ्य परीक्षण किया , इस दौरान उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सलाह और आवश्यक दवाईयां वितरित की गई ।





