संपादक नयन टवली की कलम से ✍️


जबलपुर – मध्यप्रदेश शासन की मंशा अनुसार शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने और व्यापारियों को एक गरिमामय कार्यस्थल प्रदान करने की दिशा में प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है । गुरंदी में नवनिर्मित आधुनिक मछली मार्केट अब पूरी तरह तैयार है, जिसे लेकर स्थानीय व्यापारियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है । कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने प्रशासनिक टीम के साथ मार्केट का सघन निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया , कलेक्टर एवं निगमायुक्त ने निरीक्षण के दौरान बताया कि अब मछली व्यापारियों को सड़कों के किनारे, धूल और अव्यवस्था के बीच बैठने की जरूरत नहीं होगी । उन्हें एक सुसज्जित और सुरक्षित छत मिलेगी, जिससे उनका व्यापार और सामाजिक सम्मान दोनों बढ़ेगा । सड़कों के किनारे से दुकानें हटने के कारण शहर का यातायात सुगम होगा और राहगीरों को आवाजाही में सुगमता होगी । मार्केट को आधुनिक मानकों के अनुरूप बनाया गया है , जिससे क्षेत्र में गंदगी की समस्या समाप्त होगी और खरीदारों को भी एक स्वच्छ वातावरण मिलेगा । सभी प्रमुख मछली विक्रेताओं के एक स्थान पर आने से यह क्षेत्र मछली व्यापार के एक बड़े केंद्र के रूप में विकसित होगा , जिससे व्यापारियों की आय में भी वृद्धि की संभावना है , निरीक्षण के दौरान कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यापारियों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए ताकि उन्हें शिफ्टिंग में कोई समस्या न हो । वहीं , निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर के सौंदर्यीकरण और व्यवस्थित बाजार प्रणाली के लिए यह प्रोजेक्ट मील का पत्थर साबित होगा । यह केवल एक मार्केट नहीं , बल्कि व्यापारियों के स्वाभिमान और शहर की स्वच्छता के बीच एक सेतु है। हम सड़कों को सुगम और व्यापार को व्यवस्थित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं । व्यापारियों का कहना है कि वे लंबे समय से एक सुरक्षित स्थान की तलाश में थे और अब प्रशासन के इस प्रयास से वे खुशी-खुशी नए मार्केट में अपना कारोबार शुरू करने को तैयार हैं ।





