संपादक नयन टवली की कलम से ✍️

आलीराजपुर – जिले के हाई स्कूल भारत की चौकी में आयोजित “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्टर नीतू माथुर ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें शिक्षा और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया , कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर माथुर ने कहा कि एक अच्छे छात्र का सबसे बड़ा गुण उसकी जिज्ञासा होती है । विद्यार्थियों को हमेशा अपने शिक्षकों से प्रश्न पूछते रहना चाहिए , जिससे उनकी शंकाओं का समाधान होगा और उनके ज्ञान में निरंतर वृद्धि हो सकेगी । उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह मजबूत आधार है , जो व्यक्ति को सक्षम बनाने के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी सशक्त बनाती है , कलेक्टर माथुर ने विद्यार्थियों से उनके अध्ययन, लक्ष्य और रुचियों पर चर्चा करते हुए उन्हें अनुशासन , परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया । उन्होंने प्रसिद्ध समाजसेवी एवं लेखिका श्रीमती सुधा मूर्ति के जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही । उन्होंने विद्यार्थियों को स्वयं का मूल्यांकन करने , स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और उसी दिशा में निरंतर प्रयास करते रहने की सलाह दी । आगे उन्होंने कहा कि सपनों को साकार करने के लिए कठिन परिश्रम आवश्यक है और पूरी लगन व समर्पण से प्रयास किया जाए तो कुछ भी असंभव नहीं है । साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया से दूरी बनाकर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की सीख दी । उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक गतिविधियों और खेलों में भाग लेना भी जरूरी है, जिससे समग्र विकास संभव हो सके , इस दौरान कलेक्टर माथुर ने नन्हें बच्चों को दुलार कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं । कार्यक्रम में जिला परियोजना समन्वयक प्रमोद कुमार शर्मा , सहायक मदनमोहन जाटव , प्राचार्य सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे ।










