संपादक नयन टवली की कलम से ✍️


आलीराजपुर – जिले में आंगनवाड़ी सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर नीतू माथुर ने राकसा क्रमांक-1 स्थित आंगनवाड़ी केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बच्चों की उपस्थिति संतोषजनक पाई गई । कलेक्टर ने बच्चों से संवाद कर उन्हें दिए जा रहे भोजन , पोषण एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी भी ली , भ्रमण के दौरान कलेक्टर माथुर चांदपुर में आयोजित पोषण पखवाड़ा से संबंधित बैठक में भी शामिल हुईं । इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं से चर्चा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप बच्चों के पोषण एवं सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी । उन्होंने कहा कि बच्चों को पोषणयुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है , जिसका निर्वहन पूरी ईमानदारी से किया जाना चाहिए , बैठक के दौरान शिकायत प्राप्त हुई कि दावानल स्वयं सहायता समूह एवं पटेल स्वयं सहायता समूह द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है तथा शिकायत करने पर धमकी दी जाती है । इस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित समूहों को तत्काल हटाने एवं उनके विरुद्ध प्राथमिक रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए , निरीक्षण के दौरान चांदपुर आंगनवाड़ी केन्द्र में कई अनियमितताएं भी पाई गईं । यहां बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा था तथा भोजन की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं थी । इस पर कलेक्टर ने संबंधित समूह को हटाने और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए । उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सख्त हिदायत दी कि बच्चों को नियमित रूप से पोषणयुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए । साथ ही उन्होंने निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी , इस दौरान एसडीएम सुश्री निधि मिश्रा , जिला कार्यक्रम अधिकारी मोनिका बघेल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे ।










