संपादक नयन टवली की कलम से ✍️


आलीराजपुर – जिले में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 के तहत किए जा रहे कार्यों का कलेक्टर नीतू माथुर एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती संघमित्रा गौतम द्वारा निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थलों पर चल रहे कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए , निरीक्षण की शुरुआत चंद्रशेखर आजाद नगर के पुजारा फलिया बेहडवा में बावड़ी जीर्णोद्धार कार्य से हुई , जहां कलेक्टर ने कार्य को और अधिक गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए । इसके बाद झीरण में रिचार्ज पिट निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया , यहां कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित इंजीनियर , सचिव एवं सरपंच को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कार्य में सुधार लाया जाए , निरीक्षण के अगले क्रम में बरझर जनपद पंचायत में जनसहयोग से किए जा रहे बोरी बंधान कार्य का निरीक्षण किया गया , जिसकी प्रगति संतोषजनक पाई गई । इसके पश्चात सेजवाड़ा तालाब गहरीकरण कार्य का भी अवलोकन किया गया जोकि सन्तोषजनक था किंतु कार्य को और अधिक बेहतर और गुणवत्तापूर्ण पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए गए , निरीक्षण के दौरान कलेक्टर नीतू माथुर ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान शासन की एक महत्वपूर्ण योजना है , जिसे सभी विभागों को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी रूप से क्रियान्वित करना चाहिए। उन्होंने सभी से जल संरक्षण और संचयन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया , निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ संघमित्रा गौतम , अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निधि मिश्रा , दीपिका पाटीदार , एसीईओ , जनपद पंचायत सीईओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे ।










