संपादक नयन टवली की कलम से ✍️

अलीराजपुर – कलेक्टर नीतू माथुर के निर्देशानुसार जिले में अवैध पटाखा एवं विस्फोटक सामग्री के विक्रय एवं भंडारण के विरुद्ध प्रशासन द्वारा सघन जांच की जा रही है । आज प्रशासन के संयुक्त दल ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई करते हुए बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण एवं विक्रय करने वाले व्यापारियों के यहां बड़ी मात्रा में आतिशबाजी सामग्री जब्त की , कार्रवाई दल में तहसीलदार सविता चौहान , प्रभारी सीएमओ मामून खान एवं तहसीलदार मंजू डाबर शामिल रहे । दल ने सबसे पहले झंडा चौक स्थित गणपति गुप्ता की दुकान पर दबिश दी , जहां बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का स्टॉक पाया गया । इसके बाद झंडा चौक स्थित विनोद पुत्र रामलाल गुप्ता के प्रतिष्ठान पर जांच की गई, जहां भी बड़ी मात्रा में आतिशबाजी सामग्री बरामद हुई । इसके अलावा झंडा चौक में ही गिरधारीलाल गुप्ता के यहां से भी पटाखा सामग्री जब्त की। वहीं जामा मस्जिद मार्ग स्थित संजय किलासा पुत्र शंकरलाल के गोदाम पर की गई कार्रवाई में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री पकड़ी गई। प्रशासन के अनुसार जब्त की गई सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है , प्रशासनिक दल द्वारा सभी संबंधित व्यापारियों के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई करते हुए भविष्य में बिना लाइसेंस विस्फोटक सामग्री का भंडारण एवं विक्रय नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई। प्रशासनिक दल ने कहा आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे अवैध कारोबारियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रहेगी , कार्रवाई दल में पटवारी श्री पदमलाल जमरा , किशोर बैरागी, नगर पालिका दरोगा श्री धर्मेन्द्र सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे ।










