संपादक नयन टवली की कलम से ✍️

सिवनी – मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 का जिले की जनपद पंचायत सिवनी की ग्राम पंचायत हथनापुर से शुभारंभ हुआ । अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रथम जन-संवाद एवं समाधान शिविर का शुभारंभ विधायक श्री दिनेश राय एवं कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने पूजन-अर्चन के साथ किया । इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण भलावी , पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी , मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह , एसडीएम श्रीमती पूर्वी तिवारी , वन विभाग के अधिकारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के जिला एवं क्षेत्रीय अधिकारी उपस्थित रहे ।

कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य प्रशासन को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाना है । उन्होंने कहा कि प्रत्येक शुक्रवार प्रशासनिक अधिकारी गांवों में पहुंचकर जनसंवाद करेंगे , शासकीय संस्थाओं एवं विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करेंगे । उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समय – सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए तथा कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे , शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 171 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों पर मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई एवं त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए । जिन प्रकरणों का तत्काल समाधान संभव था , उनका मौके पर ही निराकरण किया गया , जबकि शेष मामलों को समय-सीमा में निराकरण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया ।





