संपादक नयन टवली की कलम से ✍️

झाबुआ – पेटलावद आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रशासन ने शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं । इसी क्रम में पेटलावद एसडीएम रितिका पाटीदार एवं एसडीओपी सबनानी एक्शन मोड में नजर आए । दोनों अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक लेकर त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए , बैठक में तहसीलदार, थाना प्रभारी , सीएमओ , एमपीईबी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे । बैठक में त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों , प्रमुख मार्गों , धार्मिक स्थलों एवं संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा किसी भी परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए ।

इसके बाद एसडीएम रितिका पाटीदार एवं एसडीओपी सबनानी ने अधिकारियों के साथ क्षेत्र का भ्रमण कर मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान यातायात व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली गई , एसडीएम रितिका पाटीदार ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हों, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने संबंधित विभागों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा आमजन की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए ।





