संपादक नयन टवली की कलम से ✍️

झाबुआ – जिले में ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ को सफल बनाने और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है। राणापुर में आयोजित होने वाले आगामी शिविर से ठीक पहले एसडीएम महेश मंडलोई ने बुधवार को सभी विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की क्लास ली। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य शिविर की तैयारियों की समीक्षा करना और पेंडिंग कार्यों को जल्द से जल्द निपटाना था।प्रशासन की इस सक्रियता से यह स्पष्ट है कि राणापुर में होने वाला मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शिविर केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के वास्तविक समाधान का एक बड़ा मंच साबित होगा ।
सीएम हेल्पलाइन के शत-प्रतिशत निराकरण पर फोकस :- बैठक के दौरान एसडीएम मंडलोई का पूरा फोकस ‘सीएम हेल्पलाइन’ में दर्ज शिकायतों के निपटारे पर रहा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन के तहत लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत और संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता का प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हो सके । कोई भी शिकायत अनावश्यक रूप से लंबित न रहे ।
एसडीएम ने अलग-अलग विभागों के प्रमुखों को उनके काम का लक्ष्य सौंपते हुए आवश्यक निर्देश दिए ।
1 . जनपद पंचायत :- जनपद सीईओ बलवान सिंह मवासे को निर्देश दिए गए कि वे मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना और पंचायतीराज से जुड़ी सभी लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करें ।
2 . राजस्व विभाग :- तहसीलदार राजेंद्र चौहान को नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे महत्वपूर्ण राजस्व प्रकरणों को जल्द सुलझाने के निर्देश दिए गए , साथ ही, उन्हें मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शिविर की संपूर्ण व्यवस्थाओं का जिम्मा भी सौंपा गया है ।
शिविर में स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान होगी सिकलसेल की स्क्रीनिंग :- इस वृहद शिविर में केवल प्रशासनिक शिकायतों का ही नहीं, बल्कि आमजन के स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा । बैठक में उपस्थित ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) डॉ. ऊषा गहलोत को एसडीएम ने निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले ग्रामीणों के लिए सिकलसेल की स्क्रीनिंग की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। इसके अलावा, सामान्य स्वास्थ्य जांच से जुड़ी सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं शिविर में उपलब्ध होनी चाहिए । इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में आपूर्ति अधिकारी संजय पाटिल , महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी अजय चौहान , सीएमओ सीताराम चौहान,कृषि विभाग के एसएडीओ खपेड़िया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे ।





