संपादक नयन टवली की कलम से ✍️

आलीराजपुर -संभाग आयुक्त भास्कर लाक्षाकार ने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं तथा निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने ब्लड बैंक, आईसीयू, महिला एवं पुरुष वार्ड तथा 200 बिस्तरीय क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मरीजों एवं उनके परिजनों से उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त की , संभाग आयुक्त लाक्षाकार ने आयुष्मान भारत योजना के पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार निःशुल्क उपचार का लाभ सुनिश्चित करने, हितग्राहियों की जानकारी का व्यवस्थित संधारण करने तथा अनुपयोगी एवं अवधिपार दवाइयों का नियमानुसार सुरक्षित निपटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए । उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं एवं आवश्यक संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए । साथ ही , आमजन को रक्तदान के प्रति जागरूक करने एवं रक्तदान को प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने को कहा , निर्माणाधीन डायग्नोस्टिक भवन एवं विकास निगम के भवनों का निरीक्षण कर उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति एवं लागत की जानकारी प्राप्त की । निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर निर्माण कार्य में अपेक्षित गति सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए । उन्होंने स्वीकृत ड्राइंग , डिजाइन एवं अनुबंध की शर्तों के अनुरूप निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का परीक्षण कराते हुए निर्धारित मापदंडों के अनुसार निर्माण कार्य सुनिश्चित करने को कहा ।

आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी में उपलब्ध व्यवस्थाओं, बच्चों की उपस्थिति एवं पोषण आहार की स्थिति का जायजा लिया , कुपोषित बच्चों के लिए किए जा रहे प्रयासों , प्रसव (इंस्टीट्यूशनल डिलीवरी) की स्थिति , बच्चों के वजन , पोषण आहार आदि से संबंधित की जानकारी ली तथा टीएचआर (टेक होम राशन) के सैंपल की जांच की। साथ ही गर्भवती महिलाओं को वितरित किए जाने वाले पोषण आहार की गुणवत्ता का भी अवलोकन किया । उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए , साथ ही बच्चों को हाथ धोने सहित स्वच्छता एवं अच्छी आदतों के बारे में जागरूक करने पर जोर दिया । उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका को निर्देशित किया कि बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र लाने के लिए अभिभावकों को प्रेरित करें तथा बच्चों के पोषण , स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा पर विशेष ध्यान दें , इस दौरान कलेक्टर नीतू माथुर , मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत संघमित्रा गौतम , अनुविभागीय अधिकारी निधि मिश्रा , महिला बाल विकास अधिकारी विक्रांत भास्कर दामले उपस्थित रहे ।










