संपादक नयन टवली की कलम से ✍️


सिवनी – कलेक्टर नेहा मीना ने अपने केवलारी प्रवास के दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सघन निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया । उन्होंने प्रभावित गांवों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों का भ्रमण कर अधिकारियों से स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए , निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल निकासी व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कर जलभराव की समस्या का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लगातार वर्षा की स्थिति को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किए जाएं , कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निवासरत लोगों को आवश्यकता पड़ने पर बिना किसी विलंब के सुरक्षित राहत केंद्रों तक पहुंचाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ उन्हें समय पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है , प्रवास के दौरान कलेक्टर ने स्थापित राहत शिविर का भी निरीक्षण किया । उन्होंने शिविर में उपलब्ध भोजन, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, विद्युत एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निरंतर सुचारु एवं सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि राहत शिविरों में ठहरे प्रत्येक व्यक्ति की आवश्यकताओं का संवेदनशीलता के साथ ध्यान रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की कमी की सूचना मिलते ही उसका तत्काल निराकरण किया जाए , कलेक्टर नेहा मीना ने आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि संचार व्यवस्था को हर परिस्थिति में निर्बाध एवं सुदृढ़ बनाए रखा जाए , ताकि किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्राप्त हो सके और राहत एवं बचाव दल समय पर प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचकर आवश्यक सहायता उपलब्ध करा सकें। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में सतत भ्रमण कर स्थिति पर नजर बनाए रखने तथा आमजन से निरंतर संवाद स्थापित करने के भी निर्देश दिए ।





