संपादक नयन टवली की कलम से ✍️

आलीराजपुर – कट्ठीवाड़ा प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध कट्ठीवाड़ा झरने और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से युवा रक्तदान समिति कट्ठीवाड़ा एवं जनजाति विकास मंच कट्ठीवाड़ा के सहयोग से युवाओं ने स्वच्छता अभियान चलाया । अभियान के दौरान युवाओं ने झरने के आसपास बिखरे प्लास्टिक , वेफर्स के पैकेट सहित अन्य कचरे को एकत्र किया और करीब 10 से अधिक थैलियों में कचरा एकत्र कर उचित स्थान पर रखा । युवाओं ने श्रमदान करते हुए पर्यटकों और आम नागरिकों से प्राकृतिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की । सामाजिक कार्यकर्ता कादू सिंह डुडवे , अलीराजपुर ने युवाओं को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए कहा कि प्रकृति और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है । उन्होंने पर्यटकों से आग्रह किया कि वे अपने साथ लाए प्लास्टिक, वेफर्स के पैकेट और अन्य कचरे को खुले में न फेंकें। उन्होंने कहा कि जितना हम प्रकृति के नजदीक जाते हैं, उतना ही हमें सुकून और शांति का अनुभव होता है, इसलिए प्रकृति से प्रेम और पर्यावरण संरक्षण की भावना समाज में मजबूत होना जरूरी है ।

रक्तदान को लेकर भी आदिवासी समाज के युवाओं में जागरण :- स्वच्छता अभियान के साथ युवा रक्तदान समिति द्वारा रक्तदान के प्रति भी समाज में जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है । झाबुआ – अलीराजपुर अंचल में एनीमिया और रक्त की कमी जैसी स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना महत्वपूर्ण है। ऐसे समय में जनजातीय समाज के युवाओं का स्वयं आगे आकर रक्तदान और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे कार्यों से जुड़ना एक अनुकरणीय सामाजिक पहल है । कादू सिंह डुडवे ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का ऐसा माध्यम है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता की जा सकती है। युवाओं में सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा देना समाज के लिए सकारात्मक दिशा है , इस अवसर पर हरसिंह कनेश , कुरसिंह मालिया , विपुल , संजय सहित अनेक युवा साथी उपस्थित रहे ।










