झाबुआ – जल संकट पर प्रशासन की सख्ती , एसडीएम मंडलोई की कार्यवाही , ग्राम टिकड़ी बोडिया में सिंचाई के लिए बिछाए गए बिजली के तार जब्त , ग्रामीणों को दी गई सख्त हिदायत ।

प्रधान संपादक नयन टवली की खबर ✍️

झाबुआ – इस वर्ष मानसून सीजन में अपेक्षाकृत कम बारिश होने के कारण इलाके में जल संकट गहराने की आशंका बनी हुई है । संभावित सूखे की स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय प्रशासन ने पहले ही सख्त रुख अख्तियार कर लिया है । इसी बीच , प्रशासन को सूचना मिली थी कि ग्राम टिकड़ी बोडिया के किड़िया फ़लिए में कुछ ग्रामीणों द्वारा तालाब पर मोटर लगाकर सिंचाई के लिए पानी निकाला जा रहा है , इस शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए मंगलवार को एसडीएम महेश मंडलोई के नेतृत्व में एक विशेष प्रशासनिक दल ने गांव का औचक निरीक्षण किया । टीम ने तालाब और उसके आसपास के क्षेत्र की सघन जांच की। हालांकि, मौके पर टीम को कोई मोटर पंप तो लगा हुआ नहीं मिला , लेकिन वहां सिंचाई के उद्देश्य से बिछाए गए बिजली के तार जरूर पाए गए । प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इन तारों को अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया । इस दौरान एसडीएम और उनकी टीम ने वहां मौजूद ग्रामीणों को कड़ी समझाइश दी । अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए तालाब के पानी का उपयोग निजी खेतों की सिंचाई के लिए पूरी तरह से वर्जित है । ग्रामीणों को हिदायत दी गई है कि वे भविष्य में तालाब से पानी न निकालें , अन्यथा प्रशासन द्वारा नियम उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी । इस संयुक्त दल में डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी तहसीलदार सुनील डावर , विद्युत वितरण कंपनी के डीई सुखदेव मंडलोई और जनपद सीईओ शामिल थे ।
शासकीय जमीन पर बोवनी पर भी रोक :- एसडीएम महेश मंडलोई ने तालाब के किनारे शासकीय जमीन पर बोवनी किए जाने को लेकर भी सख्त दिशा निर्देश दिए हैं । उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि किसी भी स्थिति में सरकारी जमीन पर बोवनी न करें । यदि ऐसा किया जाता है तो प्रशासनिकस्तर पर कार्रवाई की जाएगी ।



