झाबुआ – स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही पर जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई , 11 पटवारियों की सेवा समाप्त , 3 निलंबित ।

प्रधान संपादक नयन टवली की खबर ✍️

झाबुआ – मध्यप्रदेश शासन, राजस्व विभाग द्वारा स्वामित्व योजना के अंतर्गत तैयार स्वामित्व अधिकार अभिलेखों के निष्पादन एवं पंजीयन हेतु संचालित समयबद्ध अभियान में निर्धारित दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही एवं असंतोषजनक कार्य निष्पादन पर जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की गई है । इसके अंतर्गत सम्बंधित परिवीक्षाधीन पटवारियों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के साथ ही तीन पटवारियों को निलंबित किया गया है , स्वामित्व योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु पटवारियों को हितग्राहियों एवं आवेदकों का सत्यापन , आवेदन संबंधी कार्यवाही , संबंधित अधिकार अभिलेखों एवं विलेखों को अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित कार्यवाही का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का उत्तरदायित्व सौंपा गया था । साथ ही संबंधित कर्मचारियों के कार्य निष्पादन एवं निर्धारित लक्ष्यों की सतत निगरानी के निर्देश दिए गए थे , अभियान प्रारंभ होने के लगभग दो सप्ताह पश्चात कार्यों की समीक्षा में पाया गया कि संबंधित पटवारियों द्वारा सौंपे गए दायित्वों का संतोषजनक निर्वहन नहीं किया गया तथा निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध उनकी प्रगति शून्य रही । परिवीक्षा अवधि के दौरान संपादित कार्यों, निर्धारित दायित्वों के निर्वहन, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन एवं समग्र कार्य निष्पादन का परीक्षण किए जाने पर उनका कार्य अपेक्षित स्तर का नहीं पाया गया , इस संबंध में मध्यप्रदेश सिविल सेवा (सेवा की सामान्य शर्तें) नियम, 1961 के नियम 8 तथा नियुक्ति आदेश में उल्लेखित परिवीक्षा संबंधी शर्तों के अधीन संबंधित परिवीक्षाधीन पटवारियों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त की गई हैं ।
इन परिवीक्षाधीन पटवारियों की सेवाएं की गईं समाप्त :- सेवा समाप्ति की कार्रवाई में तहसील झाबुआ के श्री आशुतोष बोरासी , तहसील रामा के श्री हेमंत सिंगारे , झाबुआ तहसील के श्री अशोक कुमार भिलाला , तहसील मेघनगर के श्री मधुसूदन बैरागी , श्री अटल निनामा एवं सुश्री शिवानी काजले , तहसील थांदला के श्री अमित मैडा , श्री साहिल डांगी एवं श्री दिलीप बारिया तथा तहसील पेटलावद के श्री विवेक जोसेफ एवं सुश्री रीना टैगोर शामिल हैं ।
तीन पटवारियों को किया गया निलंबित :- इसी क्रम में पटवारी पेटलावद तहसील के श्री बाबूलाल गरवाल , पेटलावद तहसील के श्री राजाराम मैडा एवं मेघनगर तहसील की श्रीमती राजेश्वरी भूरिया को निलंबित किया गया है , जिला प्रशासन द्वारा स्वामित्व योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति एवं शासकीय कार्यों के समयबद्ध निष्पादन को प्राथमिकता देते हुए यह कार्रवाई की गई है ।



