संपादक नयन टवली की कलम से ✍️

झाबुआ – कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने जनपद पंचायत मेघनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत रंभापुर एवं मदरानी में आयोजित जन कल्याण शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया । निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों एवं आवेदकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त की , कलेक्टर ने शिविर में लगाए गए विभागीय स्टॉलों , प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की प्रक्रिया का अवलोकन किया । निरीक्षण के दौरान शिविर में पाई गई अव्यवस्थाओं पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि जन कल्याण शिविरों का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है , इसलिए सभी अधिकारी – कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें ।

निरीक्षण के दौरान सेक्टर रंभापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत तांदलादरा के सचिव , ग्राम पंचायत झाराडाबर के सचिव एवं ग्राम पंचायत जामनिया के सचिव अनुपस्थित पाए गए । इसके अतिरिक्त रंभापुर सोसायटी के मैनेजर दिनेश खातेडिया , ब्लॉक समन्वयक वीरेन्द्र मावी तथा एस.ए.डी.ओ. प्रकाशचंद्र बामनिया भी अनुपस्थित मिले । कलेक्टर ने इनकी अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए , कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन कल्याण शिविरों में सभी विभागों की उपस्थिति एवं सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके । उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी , इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मेघनगर अवनधती प्रधान एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे ।










