झाबुआ – दीपावली के मद्देनजर प्रशासन का सख्त रुख , एसडीएम प्रधान एवं सहायक कलेक्टर आयुषी बंसल ने तलावली स्थित पटाखा गोदाम का निरीक्षण ।

प्रधान संपादक नयन टवली की खबर ✍️


झाबुआ – मेघनगर आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं पटाखों के भंडारण तथा विक्रय संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को तलावली स्थित पटाखा गोदाम का निरीक्षण अनुविभागीय दंडाधिकारी (SDM) , मेघनगर एवं सहायक कलेक्टर आयुषी बंसल के साथ किया गया , निरीक्षण के दौरान गोदाम के लाइसेंस एवं निर्धारित शर्तों की जांच की गई तथा स्टॉक पंजी में दर्ज विवरण का वास्तविक स्टॉक से मिलान किया गया । अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं उपयुक्तता का परीक्षण करने के साथ ही परिसर में अवैध रीपैकिंग अथवा अन्य अनधिकृत गतिविधियों की जांच की गई । साथ ही , परिसर में किसी भी प्रकार के विद्युत उपकरण अथवा विद्युत कनेक्शन के उपयोग की भी जांच की गई । इसके अतिरिक्त , भवन की दीवारों की मोटाई , आसपास घनी बसावट की स्थिति तथा पटाखों के बॉक्स एवं उनके सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया , आगामी दीपावली पर्व के दौरान जनसुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है । त्योहार के मद्देनजर पटाखों के भंडारण एवं विक्रय में निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा सख्त रुख अपनाया जा रहा है । इस प्रकार के निरीक्षणों से अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा नियमों के पालन के प्रति प्रभावी निवारक संदेश स्थापित करने में सहायता मिलती है ।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि पटाखों के भंडारण एवं विक्रय में किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सतत निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी ।



