आलीराजपुर – कलेक्टर नीतू माथुर विद्यालय एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के निरिक्षण पर पहुंची , ग्रामीणों ने राशन कम मिलने की शिकायत की , कलेक्टर ने एसडीएम को दिए जांच के निर्देश ।

प्रधान संपादक नयन टवली की खबर ✍️

आलीराजपुर – मुख्यमंत्री जनविश्वास कार्यक्रम के तहत कलेक्टर नीतू माथुर ने ग्राम छोटी वेगलगांव स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया । इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं आगामी परीक्षाओं की तैयारियों की जानकारी ली , कलेक्टर माथुर ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास से कठिन विषयों पर भी अच्छी पकड़ बनाई जा सकती है । उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य शारीरिक गतिविधियों में भी भाग लेना चाहिए । इससे बच्चों में आत्मविश्वास एवं टीमवर्क की भावना विकसित होती है , निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय प्राचार्य से अपार आईडी, गणवेश वितरण राशि, शौचालय, पेयजल एवं मध्यान्ह भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की । उन्होंने उपस्थित शिक्षकों को निर्देश दिए कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ स्वच्छता एवं नैतिक शिक्षा के प्रति भी जागरूक करें , इसके पश्चात कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र लोड़नी एवं बिलझरी का निरीक्षण किया। उन्होंने गर्भवती माताओं एवं बच्चों को दिए जाने वाले पोषण आहार , बच्चों के वजन तथा पोषण स्तर की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि शारीरिक रूप से कमजोर बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा गर्भवती माताओं एवं बच्चों को समय-समय पर पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए , इस दौरान भयडी फलिया स्थित जर्जर आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया गया , कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को जर्जर भवन को तत्काल ध्वस्त करने के निर्देश दिए ।

उचित मूल्य दुकान बंद मिलने पर जांच के निर्देश :- भ्रमण के दौरान बिलझरी स्थित उचित मूल्य दुकान बंद पाई गई । ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि संबंधित खाद्यान्न विक्रेता द्वारा समय पर राशन का वितरण नहीं किया जाता है तथा हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा से कम राशन दिया जाता है , ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर माथुर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को दुकान के स्टॉक की तत्काल जांच करने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए । साथ ही स्टॉक में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने एवं राशि की वसूली करने के निर्देश भी दिए , ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर माथुर ने उपस्थित ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शासन की योजनाओं का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों तक समय पर एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाएगा । ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा , पोषण एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी । उन्होंने कहा कि आमजन को शासकीय योजनाओं का लाभ सुचारू रूप से मिले, इसके लिए प्रशासन निरंतर निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगा ।



