आलीराजपुर – केबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान एवं सांसद चौहान के प्रयासों से मिली मंजूरी , 68 करोड़ 16 लाख की लागत से जिले की दो बड़ी सड़को का होगा चौड़ीकरण ।

प्रधान संपादक नयन टवली की खबर ✍️

आलीराजपुर – जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने और विकास को नई गति देने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान एवं सांसद श्रीमती अनिता चौहान के अथक प्रयासों से आलीराजपुर जिले के दो महत्वपूर्ण मार्गों के चौड़ीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी गई है। इन दोनों मार्गों के चौड़ीकरण पर कुल 68 करोड़ 16 लाख 32 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इन मार्गों के चौड़ीकरण की मांग संबंधित ग्रामवासियों द्वार कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान एवं सांसद अनिता चौहान को पत्र सौंपते हुए की गई थी ।
विधायक प्रतिनिधि एवं भाजपा जिला मीडिया प्रभारी गोविंदा गुप्ता ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की स्थाई वित्तीय समिति के 310 वी बैठक में प्रदेश भर में कुल 65 कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई जिसमें हमारे जिले में स्वीकृत परियोजनाओं के अंतर्गत पहला मार्ग खंडवा-वडोदरा स्टेट हाईवे से जुड़ा आलीराजपुर से रॉक्सा-कवठु-खंडाला मार्ग है, जो आगे खट्टाली-जोबट मार्ग से जुड़ेगा। इस मार्ग की कुल लंबाई 11.80 किलोमीटर है तथा इसके चौड़ीकरण के लिए 36 करोड़ 27 लाख 32 हजार रुपये की लागत स्वीकृत की गई है। वहीं दूसरी महत्वपूर्ण परियोजना में वालपुर-कुलवट-छोटी हथवी-उन्हाला-बोडगांव मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। इस मार्ग की कुल लंबाई 12.01 किलोमीटर है तथा इसके निर्माण एवं चौड़ीकरण के लिए 31 करोड़ 89 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है ।

सिंगल पट्टी सड़कें बनेंगी डबल पट्टी, ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत :- इन दोनों महत्वपूर्ण मार्गों के चौड़ीकरण से वर्तमान सिंगल पट्टी सड़कें डबल पट्टी सड़कों में परिवर्तित होंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों का आवागमन पहले की अपेक्षा अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक होगा। साथ ही यात्रा में लगने वाले समय एवं ईंधन की बचत होगी। बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा व्यापार, व्यवसाय और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा ।
जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने जताया आभार :- क्षेत्र को मिली इस महत्वपूर्ण विकास सौगात पर भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष (मकू) जी परवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हजरी बाई खरत, विक्रम भयड़िया, मांगीलाल रावत, जयपाल खरत, बिना डावर, सरपंच सीमा निगवाल, खट्टाली मंडल अध्यक्ष मुलेश बघेल, सोंडवा मंडल अध्यक्ष प्रदीप सोलंकी मदन लड्डा, ललित राठौड़, लालसिंह, भावसिंह, जयेश मालानी, विजय मालवी, घोटू राठौड़ , देविसिंह, गमी भाई, राकेश सिंह, डूंगर सिंह निगवाल, सहित जिला एवं मंडल के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की है। इसके साथ ही बड़ी खट्टाली, छोटी खट्टाली, पलासदा, मसनी, दुदलवात, घटवानी, खंडाला, कोटबु, कवठु, बोराना, रॉक्सा सहित वालपुर, कुलवट, छोटी हथवी, उन्हाला एवं बोडगांव तथा आसपास के लाभान्वित होने वाले ग्रामों के कई सरपंचों, पंचों एवं ग्रामीणों ने इस सौगात के लिए कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान एवं सांसद अनिता चौहान के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया है , जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन दोनों मार्गों के चौड़ीकरण से ग्रामीण अंचलों में आवागमन की सुविधा बढ़ेगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी । दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति को आलीराजपुर जिले के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बेहतर सड़कें न केवल गांवों को जोड़ेंगी, बल्कि विकास , रोजगार और व्यापार की नई संभावनाओं के द्वार भी खोलेंगी ।



