भोपाल – अनुसूचित जाति कल्याण विभाग की बड़ी सौगात , प्रदेश में 16 नए छात्रावास भवनों को मिली स्वीकृति , मंत्री नागरसिंह चौहान की पहल पर प्रत्येक छात्रावास के लिए ₹4.29 करोड़ स्वीकृत , 68.80 करोड़ में बनेंगे 13 जिलों में 16 छात्रावास ।

प्रधान संपादक नयन टवली की खबर ✍️

भोपाल – मध्यप्रदेश में अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने प्रदेश के विभिन्न जिलों के जनप्रतिनिधियों द्वारा रखी गई मांगों को पूरा करते हुए कुल 16 नवीन छात्रावास भवनों की स्वीकृति प्रदान की है , इन सभी छात्रावासों की क्षमता 50-50 सीटर होगी तथा प्रत्येक छात्रावास भवन के निर्माण के लिए ₹429.99 लाख (लगभग ₹4.30 करोड़) की राशि स्वीकृत की गई है। इस प्रकार 16 छात्रावासों के निर्माण पर कुल लगभग ₹68.80 करोड़ खर्च किए जाएंगे ।
इन जिलों में बनेंगे 16 नवीन छात्रावास :- विधायक प्रतिनिधि गोविंदा गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में स्वीकृत सूची के अनुसार 16 छात्रावासो में 5 सीनियर बालक छात्रावास, 5 सीनियन बालिका छात्रावास, 2 जूनियर बालिका छात्रावास, 1 उत्कृष्ट बालक , 1 बालिका छात्रावास , 1 महाविद्यालयीन बालक एवं 1 महाविद्यालयीन बालिका छात्रावास स्वीकृत किए गए हैं , सीहोर जिले में 2 छात्रावास आष्टा में अनुसूचित जाति बालक उत्कृष्ट छात्रावास एवं अनुसूचित जाति जूनियर बालिका छात्रावास , सागर जिले मे नरियावली में अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास, दतिया जिले के सेवड़ा में अनुसूचित जाति सीनियर कन्या छात्रावास तथा मऊगंज में अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। इसी क्रम में उज्जैन के कोठी रोड पर अनुसूचित जाति महाविद्यालयीन बालक छात्रावास, बड़वानी में अनुसूचित जाति सीनियर बालिका नवीन छात्रावास क्रमांक-1 एवं अनुसूचित जाति महाविद्यालयीन बालिका छात्रावास क्रमांक-2, झाबुआ में अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास तथा राजगढ़ जिले के ब्यावरा में अनुसूचित जाति सीनियर बालिका छात्रावास बनाया जाएगा , वहीं रीवा जिले के सिरमौर में अनुसूचित जाति जूनियर कन्या छात्रावास , टीकमगढ़ जिले के बम्होरीकला में अनुसूचित जाति सीनियर बालिका छात्रावास , नीमच जिले के चचेर में अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास , भोपाल के भदभदा में अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास, छतरपुर जिले के वारीगढ़ में अनुसूचित जाति सीनियर बालिका छात्रावास तथा ग्वालियर जिले के बनवार में अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास का निर्माण किया जाएगा ।
आधुनिक सुविधाओं से युक्त होंगे छात्रावास भवन :- सभी 16 छात्रावास भवनों का निर्माण आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त स्वरूप में किया जाएगा । प्रत्येक भवन में विद्यार्थियों के लिए 25 आवासीय कक्षों के साथ किचन सह डाइनिंग रूम, स्टोर रूम, कंप्यूटर कक्ष, कोचिंग कक्ष तथा अधीक्षक एवं चौकीदार के लिए पृथक-पृथक कक्ष बनाए जाएंगे । इसके अलावा सुविधाघर , रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, वाटर प्यूरिफायर, इन्वर्टर, आवश्यक फर्नीचर एवं सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी ।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति जताया आभार :- इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर कैबिनेट मंत्री श्री नागरसिंह चौहान ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य, उच्च शिक्षा और शैक्षणिक विकास के लिए सुनहरा अवसर प्रदान करने वाला है ।
मंत्री चौहान ने कहा कि गरीब परिवारों के बच्चों को आर्थिक तंगी के कारण शिक्षा प्राप्त करने में किसी प्रकार की बाधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है । इन छात्रावासों के निर्माण से विद्यार्थियों को सुरक्षित आवास, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी , उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का संकल्प है कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे तथा प्रत्येक जरूरतमंद विद्यार्थी को आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त हों। शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है ।