झाबुआ – पिटोल मे आयोजित जन-विश्वास शिविर मे शामिल हुए प्रभारी मंत्री कुं विजय शाह , आम – जन की सुनी समस्या , 6 नए सांदीपनि विद्यालयों के निर्माण की घोषणा की , अधिकारीयों से कहा जो काम नहीं करेगा उसे भोपाल ले जाउगा ।

प्रधान संपादक नयन टवली की खबर ✍️

झाबुआ – मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को झाबुआ विकासखंड के पिटोल स्थित दशहरा मैदान में जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर आयोजित किया गया , शिविर में जिले के प्रभारी मंत्री एवं जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे । शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों का त्वरित , समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना रहा । शिविर में नागरिकों द्वारा विभिन्न समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत किए गए ।
जन-विश्वास अभियान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ :- प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान राज्य सरकार का अभिनव प्रयास है , जिसके माध्यम से प्रत्येक शुक्रवार को शासन के प्रतिनिधि , कलेक्टर एवं जिला अधिकारी आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं । यह अभियान गरीबों , वंचितों एवं आम नागरिकों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है । उन्होंने स्पष्ट किया कि जन-विश्वास अभियान केवल औपचारिकता नहीं , बल्कि शासन के कार्यों के प्रति जनता का विश्वास सुदृढ़ करने का माध्यम है । अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी , जो काम नहीं करेगा उसे भोपाल ले जाउगा ।

सांदीपनि विद्यालयों के निर्माण एवं विद्यार्थियों के सुरक्षित परिवहन पर विशेष जोर :- प्रभारी मंत्री डॉ. शाह ने शिक्षा सुविधाओं के विस्तार पर जोर देते हुए बताया कि जिले में वर्तमान में 7 सांदीपनि विद्यालय संचालित हैं। उन्होंने जिले के 6 विकासखंडों में लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से 6 विद्यालयों के निर्माण की घोषणा की। साथ ही कलेक्टर को स्थानीय आवश्यकताओं एवं मांग के आधार पर परीक्षण कर अतिरिक्त सांदीपनि विद्यालयों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए ।



