आलीराजपुर – नारायण पेट्रोल पंप पर रात में अचानक पहुंचा तेंदुआ , जान बचाने के लिए भागे कर्मचारी , सामने आया सीसीटीवी फुटेज ।

प्रधान संपादक नयन टवली की खबर ✍️

आलीराजपुर – जिले के कट्ठीवाड़ा क्षेत्र में सोमवार रात एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने पेट्रोल पंप पर काम करने वाले कर्मचारियों को दहशत में डाल दिया । ध्याना फाटक स्थित नारायण पेट्रोल पंप पर अचानक तेंदुआ पहुंच गया। तेंदुए को देखते ही वहां काम कर रहे चार कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई । सभी कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थान की ओर भागे । घटना का सीसीटीवी फुटेज मंगलवार सुबह सामने आया, जिसके बाद क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर चर्चा शुरू हो गई , जानकारी के अनुसार , कट्ठीवाड़ा के ध्याना फाटक स्थित नारायण पेट्रोल पंप जोबट निवासी हिमांशु अशोक कुमार राठौड़ का बताया जा रहा है । सोमवार रात पेट्रोल पंप पर सामान्य रूप से कामकाज चल रहा था। कर्मचारी अपने काम में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक तेंदुआ पेट्रोल पंप परिसर में दिखाई दिया । तेंदुए को सामने देखकर कर्मचारियों के होश उड़ गए। कुछ ही पलों में वहां मौजूद चारों कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे , रात के समय हुई इस घटना का किसी को अंदाजा नहीं था। पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में तेंदुए की मौजूदगी और कर्मचारियों की घबराहट का पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हो गया। मंगलवार सुबह जब सीसीटीवी फुटेज सामने आया तो लोगों को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया ।
जंगल से निकलकर सार्वजनिक स्थानों तक पहुंच रहे वन्यजीव :- कट्ठीवाड़ा क्षेत्र जंगलों और पहाड़ी इलाकों से घिरा हुआ है। यहां वन्यजीवों की आवाजाही रहती है, लेकिन पेट्रोल पंप जैसे सार्वजनिक स्थान पर तेंदुए का पहुंचना लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाला है। रात के समय पेट्रोल पंप पर कर्मचारी और वाहन चालक मौजूद रहते हैं। ऐसे में तेंदुए की अचानक मौजूदगी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी , घटना में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है। क्षेत्र के लोगों ने वन विभाग से तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके ।



