झाबुआ

झाबुआ – इंदौर-दाहोद रेल परियोजना गोपालपुरा पहुंचे एसडीएम महेश मंडलोई , किसानों से किया सीधा संवाद कहा नियमानुसार मिलेगा चार गुना मुआवजा , रेलवे व प्रशासनिक अमले ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं ।

प्रधान संपादक नयन टवली की खबर ✍️

फोटो

झाबुआ – इंदौर-दाहोद रेल परियोजना में भूमि अधिग्रहण से जुड़ी व्यावहारिक अड़चनों को आपसी सहमति से सुलझाने के उद्देश्य से प्रशासन ने सार्थक पहल तेज कर दी है । इसी कड़ी में सोमवार दोपहर झाबुआ अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) महेश मंडलोई रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय प्रशासनिक अमले के साथ झाबुआ से सटे ग्राम गोपालपुरा पहुंचे । यहां रेलवे लाइन के निर्माण कार्य के दायरे में आ रही भूमि के मुआवजे को लेकर प्रभावित किसानों और ग्रामीणों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की गई । एसडीएम ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उनकी प्रत्येक शंका का समाधान किया और स्पष्ट संदेश दिया कि विकास के इस महाअभियान में किसी भी किसान के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा ।

किसानों की बातों को गंभीरता से सुना, दूर कीं भ्रांतियां :- रेलवे लाइन के विस्तार और भूमि अधिग्रहण को लेकर पिछले कुछ समय से ग्रामीणों के मन में मुआवजे की दरों और प्रक्रिया को लेकर कई तरह के सवाल और आशंकाएं थीं। ग्राम गोपालपुरा पहुंचे एसडीएम महेश मंडलोई ने बिना किसी औपचारिकता के प्रभावित किसानों के बीच बैठकर उनकी बातों को बेहद गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। किसानों ने अपनी जमीन, खेती और भविष्य की चिंताओं को अधिकारियों के समक्ष रखा । एसडीएम ने रेलवे अधिकारियों की मौजूदगी में भूमि अधिग्रहण की पूरी पारदर्शी प्रक्रिया को सरल भाषा में ग्रामीणों को समझाया और स्पष्ट किया कि प्रशासन किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है ।

देखिए वीडियो…

गाइडलाइन के तहत मिलेगा चार गुना मुआवजा :- संवाद के दौरान मुआवजे की राशि को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ की गई। एसडीएम मंडलोई ने किसानों को आश्वस्त किया कि शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइन और भूमि अधिग्रहण कानून के प्रावधानों के तहत अधिग्रहीत की जाने वाली जमीन के बदले प्रभावित किसानों को नियमानुसार चार गुना मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जमीन के मूल्य के अतिरिक्त, यदि उस भूमि पर किसान की कोई अन्य परिसंपत्तियां मौजूद हैं, तो उनका मूल्यांकन अलग से किया जाएगा और उसका मुआवजा भी पृथक रूप से किसानों के खातों में जमा कराया जाएगा । प्रशासन के इस स्पष्ट आश्वासन के बाद ग्रामीणों के चेहरे पर संतोष के भाव नजर आए ।

महेश मंडलोई, एसडीएम :- नियमानुसार चार गुना मुआवजा दिया जाएगा आज ग्राम गोपालपुरा में रेलवे अधिकारियों के साथ पहुंचकर हमने किसानों से सीधा संवाद किया और उनकी सभी शंकाओं को दूर किया है। मैं सभी किसानों को आश्वस्त करता हूं कि किसी के भी साथ अन्याय नहीं होगा। शासन की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार अधिग्रहीत भूमि का नियमानुसार चार गुना मुआवजा दिया जाएगा। इसके साथ ही किसानों की परिसंपत्तियों का अलग से मूल्यांकन कर उसका भी पूरा मुआवजा प्रदान किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रखी गई है ।

Related Articles

Back to top button
error: