देवास – जाजम पर मिट गई पद की दूरी , देवास की जीत के असली ‘हीरो’ सफाई मित्रों संग कलेक्टर नेहा मीना ने एक पंगत में किया भोजन , आत्मीयता से गदगद हुईं महिला सफाई कर्मी ।

प्रधान संपादक नयन टवली की खबर ✍️

देवास – अक्सर बड़े अवॉर्ड्स की चमक-दमक के बीच वे हाथ अनदेखे रह जाते हैं, जो जमीन पर पसीना बहाकर इतिहास रचते हैं। लेकिन देवास ने इस परंपरा को बदल दिया है। देश के स्वच्छता अवॉर्ड्स (50 हजार से 3 लाख आबादी श्रेणी) में नंबर-1 का ताज हासिल करने के बाद, देवास प्रशासन ने इस ऐतिहासिक जीत का जश्न किसी बंद कमरे में नहीं, बल्कि शहर के असली ‘स्वच्छता प्रहरियों’ के बीच एक ही जाजम पर बैठकर मनाया , नगर निगम द्वारा आयोजित कृतज्ञता समारोह में वह नजारा देखने को मिला, जो प्रशासनिक संवेदनशीलता की एक नई इबारत लिख गया । देवास कलेक्टर नेहा मीना, महापौर गीता अग्रवाल और निगमायुक्त दलीप कुमार ने वीआईपी कुर्सियों और खास इंतजामों को दरकिनार कर सफाई मित्रों के साथ जमीन पर पंगत में बैठकर भोजन किया। यह सिर्फ एक सह-भोज नहीं था, बल्कि समाज को दिया गया समानता और सम्मान का एक बेहद मजबूत संदेश था—कि शहर को चमकाने वाले ये हाथ किसी से कम नहीं हैं , समारोह का सबसे भावुक पल तब आया , जब हमेशा बड़े अफसरों को देखकर संकोच करने वाली महिला सफाई कर्मियों की झिझक कलेक्टर की सादगी के आगे पिघल गई । एक ही थाली-पंगत की इस आत्मीयता ने ऐसा अपनापन घोला कि महिलाओं ने कलेक्टर नेहा मीना से एक परिवार के सदस्य की तरह खुलकर बात की । किसी ने अपने बच्चों की पढ़ाई के सपने साझा किए, तो किसी ने अपनी रोजमर्रा की चुनौतियों और परिवार के सुख-दुख की बातें सुनाईं । कलेक्टर ने भी पूरी गंभीरता और स्नेह से उनकी हर बात सुनी और उनकी हौसला अफजाई की , सर्दी , गर्मी और बरसात की परवाह किए बिना देवास को देश में अव्वल बनाने वाले इन कर्मयोगियों के चेहरे पर उस दिन केवल थकान नहीं, बल्कि सम्मान और गर्व की एक अलग ही चमक थी ।
महिलाओं ने कलेक्टर से साझा किए अपने अनुभव :-
इस सह-भोज के दौरान एक बेहद आत्मीय और भावुक नजारा भी देखने को मिला । अमूमन उच्चाधिकारियों को देखकर संकोच करने वाले सफाई कर्मचारी , विशेषकर महिलाएं , कलेक्टर नेहा मीना की सहजता और सरलता को देखकर बेहद उत्साहित नजर आईं। कलेक्टर ने न केवल उनके साथ भोजन किया , बल्कि एक परिवार के सदस्य की तरह उनसे आत्मीय संवाद भी स्थापित किया। इस दौरान महिला सफाई कर्मचारियों ने बेझिझक अपने परिवार , बच्चों की शिक्षा , अपनी दिनचर्या और जीवन के अन्य सुख-दुख की बातें कलेक्टर के साथ साझा कीं । कलेक्टर ने भी पूरी संवेदनशीलता के साथ उनकी बातों को सुना और उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए उनकी हौसला अफजाई की ।

